पुनर्वासित युवाओं के नसबंदी खोलने हेतु ऑपरेशन शिविर आयोजित
Breaking News

पुनर्वासित युवाओं के नसबंदी खोलने हेतु ऑपरेशन शिविर आयोजित


शहर 30 May 2026
post

पुनर्वासित युवाओं के नसबंदी खोलने हेतु ऑपरेशन शिविर आयोजित

जगदलपुर, 30 मई । समाज की मुख्यधारा में शामिल हो चुके बस्तर के पुनर्वासित युवाओं (आत्मसमर्पित नक्सलियाें) के सामाजिक पुनर्स्थापन और बेहतर भविष्य के उद्देश्य से महारानी अस्पताल जगदलपुर में जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के सहयोग से शनिवार को विशेष ऑपरेशन शिविर आयोजित किया गया। इस शिविर में यूरोलॉजिकल सोसायटी वेस्टर्न ज़ोन तथा एम्स रायपुर के यूरोलॉजिस्ट दल द्वारा विशेष चेरिटेबल कैंप के तहत इच्छुक पुनर्वासित युवाओं का नसबंदी खोलने (रिकैनालाइजेशन) संबंधी स्वास्थ्य परीक्षण और उपचार की प्रक्रिया शुरू की गई।

रिकैनालाइजेशन शिविर में 28 युवा पुनर्वासित युवाओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा उनकी विस्तृत जांच के बाद नसबंदी खोलने के ऑपरेशन की प्रक्रिया संपादित की जाएगी। इस पहल से लाभान्वित होने वाले युवा पुनर्वासित अपने पारिवारिक और सामाजिक जीवन में पूर्ण सहभागिता सुनिश्चित कर सकेंगे तथा समाज की मुख्यधारा में सम्मान जनक जीवन व्यतीत करने की दिशा में आगे बढ़ सकेंगे।

इस अवसर पर इन पुनर्वासित युवाओं का उत्साहवर्धन करने के लिए कमिश्नर बस्तर संभाग डोमन सिंह, आईजी बस्तर रेंज सुंदरराज पी., कलेक्टर आकाश छिकारा, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं अधिकारियों ने उक्त युवाओं से संवाद कर उन्हें सकारात्मक जीवन की ओर अग्रसर रहने तथा शासन की पुनर्वास योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर अधिकारियों ने वेस्टर्न ज़ोन यूरोलाज़िकल सोसाइटी तथा एम्स रायपुर के विशेषज्ञों को स्मृति चिह्न प्रदान कर उन्हें बस्तर में पुनः सेवायें देने उत्साहित किया।

आपरेशन शिविर के सफल आयोजन में स्वास्थ्य विभाग, जिला अस्पताल के चिकित्सकों एवं अन्य चिकित्सा कर्मचारियों ने विशेष सक्रियता और संवेदनशीलता के साथ सहभागिता निभाई। इस मौके पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ संजय बसाक, सिविल सर्जन डॉ संजय प्रसाद सहित अन्य विशेषज्ञ चिकित्सक व पैरामेडिकल स्टाॅफ़ उपस्थित थे।

You might also like!


RAIPUR WEATHER