अंडर-18 महिला एशिया कप: शूटआउट में चीन से हारा भारत, फाइनल का सपना टूटा
Breaking News

अंडर-18 महिला एशिया कप: शूटआउट में चीन से हारा भारत, फाइनल का सपना टूटा


खेल 05 June 2026
post

अंडर-18 महिला एशिया कप: शूटआउट में चीन से हारा भारत, फाइनल का सपना टूटा

काकामिगाहारा (जापान), 05 जून । भारतीय अंडर-18 महिला हॉकी टीम का फाइनल में पहुंचने का सपना बेहद रोमांचक मुकाबले में शुक्रवार को टूट गया।महिला अंडर-18 एशिया कप 2026 के सेमीफाइनल में भारत ने चीन को कड़ी टक्कर दी, लेकिन निर्धारित समय तक मुकाबला 2-2 से बराबरी पर रहने के बाद शूटआउट में 1-3 से हार का सामना करना पड़ा। इसके साथ ही चीन ने फाइनल में जगह बना ली। भारत की ओर से नौशीन नाज़ ने तीसरे मिनट में और किरण एक्का ने 54वें मिनट में गोल किए। चीन के लिए ली ज़ेयान ने 24वें मिनट और झांग युजेंग ने 48वें मिनट में गोल दागे।

भारत ने मुकाबले की शुरुआत शानदार अंदाज में की। तीसरे ही मिनट में कप्तान स्वीटी कुजूर के बेहतरीन पास पर नौशीन नाज़ ने घेरे के अंदर से दमदार प्रहार कर गेंद को जाल में पहुंचाया और भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई। पहले क्वार्टर में दोनों टीमों ने अवसर बनाए, लेकिन कोई और गोल नहीं हो सका।
दूसरे क्वार्टर में चीन को 21वें मिनट में दंड कोना मिला, लेकिन भारतीय गोलरक्षक महक परिहार ने शानदार बचाव किया। हालांकि 24वें मिनट में भारतीय रक्षा पंक्ति की गलती का फायदा उठाकर ली ज़ेयान ने मैदानी गोल कर चीन को बराबरी दिला दी।

तीसरे क्वार्टर में चीन ने अधिक समय तक गेंद अपने नियंत्रण में रखी, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों ने मजबूत रक्षण किया। भारत को भी लगातार दंड कोने मिले, मगर टीम बढ़त हासिल नहीं कर सकी।चौथे क्वार्टर में 48वें मिनट में चीन ने दंड कोने पर बढ़त बनाई। शुरुआती प्रहार रोके जाने के बाद रीबाउंड पर झांग युजेंग ने गोल कर स्कोर 2-1 कर दिया।

हालांकि, भारतीय टीम ने शानदार वापसी की और 54वें मिनट में किरण एक्का ने दंड कोने को गोल में बदलकर मुकाबला फिर 2-2 से बराबर कर दिया। निर्धारित समय तक कोई और गोल नहीं होने पर फैसला शूटआउट से हुआ।शूटआउट में चीन की गोलरक्षक लियू शुए ने शानदार बचाव किए और चीन ने 3-1 से जीत दर्ज की। चीन की ओर से लू टोंग टोंग, गे चेन और गुओ जियाक्सिन ने गोल किए, जबकि भारत की ओर से केवल संदीपा कुमारी ही गोल कर सकीं।अब भारतीय टीम 6 जून को सुबह 9 बजकर 30 मिनट पर कांस्य पदक मुकाबले में जापान और कोरिया के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल की हारने वाली टीम से भिड़ेगी।

You might also like!


RAIPUR WEATHER