बलरामपुर में टमाटर से भरा पिकअप पलटा, सड़क पर बिखरे टमाटर समेटने उमड़ी भीड़
Breaking News

बलरामपुर में टमाटर से भरा पिकअप पलटा, सड़क पर बिखरे टमाटर समेटने उमड़ी भीड़


छत्तीसगढ़ 26 October 2026
post

बलरामपुर में टमाटर से भरा पिकअप पलटा, सड़क पर बिखरे टमाटर समेटने उमड़ी भीड़

बलरामपुर, 26 अक्टूबर । बलरामपुर जिले के भनौरा में सोमवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-343 पर टमाटर से लदा एक पिकअप वाहन पलट गया। हादसे के बाद वाहन में रखे टमाटर सड़क किनारे बिखर गए। यह देखकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और टमाटर उठाकर अपने झोलों व बोरियों में भरने लगे। कुछ ही देर में घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन अंबिकापुर से टमाटर लेकर बलरामपुर के रास्ते झारखंड की ओर जा रहा था। भनौरा में एक घर के सामने वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे के बाद चालक वाहन से बाहर निकला और वहां से चला गया। इसके बाद लोगों ने वाहन में रखे कैरेट और सड़क पर गिरे टमाटर उठाना शुरू कर दिया।

टमाटर समेटने के लिए लोगों के पहुंचने से घटनास्थल पर भीड़ लग गई। कई लोग झोले और बोरियों में टमाटर भरकर ले जाते दिखाई दिए। सूचना मिलने पर यातायात पुलिस और हाईवे पेट्रोलिंग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोगों को वहां से हटाया और दुर्घटनाग्रस्त पिकअप को सड़क से किनारे करवाया, जिससे आवागमन सुचारु किया जा सके।

पिकअप का पंजीयन नंबर जेएच 01 जीएफ 1883 बताया गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चालक की लापरवाही के कारण वाहन अनियंत्रित होकर पलटा। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पुलिस वाहन मालिक और चालक से संपर्क कर मामले की आगे जांच कर रही है।

You might also like!


RAIPUR WEATHER