14 वर्षीय तारिणी लोढ़ा FEI ड्रेसाज विश्व चैलेंज में दिखाएंगी दम
Breaking News

14 वर्षीय तारिणी लोढ़ा FEI ड्रेसाज विश्व चैलेंज में दिखाएंगी दम


खेल 16 November 2026
post

14 वर्षीय तारिणी लोढ़ा FEI ड्रेसाज विश्व चैलेंज में दिखाएंगी दम

मुंबई की 14 वर्षीय उभरती घुड़सवार खिलाड़ी तारिणी लोढ़ा अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता एफईआई ड्रेसाज विश्व चैलेंज 2026 के दक्षिण क्षेत्र मुकाबले में हिस्सा लेने के लिए तैयार हैं। यह प्रतियोगिता 16 से 20 नवंबर तक बेंगलुरु के सर्ज स्टेबल्स में आयोजित की जाएगी। मुंबई के एमेच्योर राइडर्स क्लब का प्रतिनिधित्व करते हुए तारिणी की नजर अपने शानदार प्रदर्शन को जारी रखने पर होगी।

ड्रेसाज स्पर्धा में विशेषज्ञता हासिल कर रहीं तारिणी इससे पहले शो जंपिंग में भी अपनी प्रतिभा दिखा चुकी हैं। उन्होंने कॉन्कोर्स सॉट नेशनल प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी खेल क्षमता का परिचय दिया था। महज 10 साल की उम्र में प्रतिस्पर्धी घुड़सवारी की शुरुआत करने वाली तारिणी लगातार मेहनत और अनुशासन के साथ इस खेल में आगे बढ़ रही हैं। वह चेन्नई इक्विटेशन सेंटर में कोच इसाबेल हसलेडर और मुंबई के एमेच्योर राइडर्स क्लब में कोच बोबिन शेरिंग के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण लेती हैं। सप्ताह में पांच दिन घुड़सवारी का अभ्यास करने के साथ वह अपनी फिटनेस और शारीरिक क्षमता को बेहतर बनाने पर भी ध्यान देती हैं।

तारिणी की अब तक की खेल यात्रा में उनके घोड़े 'नॉक आउट' की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। दोनों के बीच बेहतर तालमेल का असर प्रतियोगिताओं में भी देखने को मिला है। वर्ष 2025 में बेंगलुरु में आयोजित इक्वेस्ट्रियन प्रीमियर लीग की चिल्ड्रेन-1 ड्रेसाज स्पर्धा में इस जोड़ी ने 65.841 प्रतिशत अंक हासिल कर स्वर्ण पदक जीता था।

दिसंबर 2025 में आयोजित जूनियर नेशनल इक्वेस्ट्रियन चैंपियनशिप में भी तारिणी और नॉक आउट ने शानदार प्रदर्शन किया। चिल्ड्रेन ग्रुप-1 ड्रेसाज टीम स्पर्धा में तारिणी ने व्यक्तिगत रूप से 70.154 प्रतिशत अंक हासिल किए। उनके प्रदर्शन की बदौलत टीम ने कुल 272.579 अंक के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया।

हाल ही में आयोजित ड्रीम अलायंस-6 प्रतियोगिता में इस जोड़ी ने 69.137 प्रतिशत अंक हासिल किए। इसके बाद 71.85 प्रतिशत अंकों के शानदार प्रदर्शन के साथ तारिणी ने इस वर्ष दिसंबर में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया।

एफईआई ड्रेसाज विश्व चैलेंज से पहले तारिणी ने अपनी तैयारियों को लेकर उत्साह जताया। उन्होंने कहा कि वह अपनी तकनीक, निरंतरता और मुकाबले के दौरान आत्मविश्वास को बेहतर बनाने के लिए कोच के साथ कड़ी मेहनत कर रही हैं। उनके मुताबिक, घोड़े के साथ बेहतर तालमेल बनाने के लिए विश्वास, धैर्य और नियमित अभ्यास बेहद जरूरी है। नॉक आउट के साथ उनकी साझेदारी उनकी खेल यात्रा का अहम हिस्सा रही है। वह हर प्रतियोगिता को कुछ नया सीखने और खुद को बेहतर बनाने के अवसर के रूप में देखती हैं।

उनकी कोच इसाबेल हसलेडर ने भी तारिणी की मेहनत और खेल के प्रति समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि तारिणी में सीखने की ललक, अनुशासन और ड्रेसाज की बारीकियों को समझने की अच्छी क्षमता है। नॉक आउट के साथ उनकी साझेदारी लगातार मजबूत हुई है। प्रशिक्षण के दौरान निरंतरता, सटीकता और आत्मविश्वास बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया गया है। कोच के अनुसार, एफईआई विश्व चैलेंज तारिणी के लिए प्रतिस्पर्धी माहौल में अपनी प्रतिभा परखने और अनुभव हासिल करने का महत्वपूर्ण अवसर है।

खेल के साथ पढ़ाई को भी प्राथमिकता दे रहीं तारिणी मुंबई के कैथेड्रल एंड जॉन कॉनन स्कूल में शिक्षा हासिल कर रही हैं। वह पढ़ाई और घुड़सवारी के बीच संतुलन बनाकर अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ रही हैं। उनका सपना इस खेल में लगातार बेहतर प्रदर्शन करना और भविष्य में बड़े अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत का प्रतिनिधित्व कर अपनी पहचान बनाना है।

You might also like!


RAIPUR WEATHER