मनीला हवाई अड्डे पर पीएम मोदी का भव्य स्वागत, गूंजे ‘मोदी-मोदी’ और ‘भारत माता की जय’ के नारे
Breaking News

मनीला हवाई अड्डे पर पीएम मोदी का भव्य स्वागत, गूंजे ‘मोदी-मोदी’ और ‘भारत माता की जय’ के नारे


विदेश 16 November 2026
post

मनीला हवाई अड्डे पर पीएम मोदी का भव्य स्वागत, गूंजे ‘मोदी-मोदी’ और ‘भारत माता की जय’ के नारे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को फिलीपींस की दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर मनीला पहुंचे। मनीला अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उनका भव्य और गर्मजोशी भरा स्वागत किया गया।

हवाई अड्डे पर जोरदार स्वागत समारोह

प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत फिलीपींस के सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव रॉबर्ट जोसेफ मोंटेस डी क्लारो ने किया। वहां मौजूद लोगों ने पीएम मोदी को देखते ही ‘मोदी-मोदी’ और ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाए। वहीं बच्चों ने संस्कृत श्लोक पढ़कर उनका स्वागत किया। प्रधानमंत्री मोदी ने लोगों से हाथ मिलाकर अभिवादन किया। कलाकारों ने नृत्य प्रस्तुत किया और स्वागत में रंगोली भी बनाई गई।

विदेश मंत्रालय का बयान

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक्स पर लिखा, “पीएम नरेंद्र मोदी 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें ईस्ट एशिया समिट में हिस्सा लेने के लिए मनीला पहुंचे। पीएम का स्वागत फिलीपींस के सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव रॉबर्ट जोसेफ मोंटेस डी क्लारो ने किया। यह दौरा भारत की एक्ट ईस्ट पॉलिसी और इंडो-पैसिफिक विजन के लिए आसियान के साथ पार्टनरशिप को पक्का करता है।”

यात्रा का महत्व और एजेंडा

यह यात्रा ऐसे समय हो रही है जब भारत और आसियान 2026 को आसियान-भारत समुद्री सहयोग वर्ष के रूप में मना रहे हैं। 2027 में संवाद संबंधों के 35 वर्ष और व्यापक रणनीतिक साझेदारी के पांच वर्ष पूरे होंगे। आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में आसियान-भारत कार्य योजना 2026-2030 सहित व्यापक रणनीतिक साझेदारी की प्रगति की समीक्षा की जाएगी और सहयोग की भविष्य की दिशा तय की जाएगी।

मनीला में प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम में राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर द्वारा आयोजित रात्रिभोज शामिल है। अगले दिन आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन होंगे। इनके बीच अन्य नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी होंगी।

आसियान के साथ व्यापारिक रिश्ते

विदेश मंत्रालय में सचिव (पूर्व) रुद्रेंद्र टंडन ने बताया था कि आसियान भारत का प्रमुख व्यापारिक भागीदार बन चुका है। पूरे क्षेत्र के साथ व्यापार लगभग 122 अरब डॉलर का है।

You might also like!


RAIPUR WEATHER