विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) में चार बार फाइनल खेलने के बावजूद खिताब से दूर रही दिल्ली कैपिटल्स ने अब चैंपियन बनने के लिए बड़ा दांव खेला है. फ्रेंचाइजी ने श्रीलंका के पूर्व कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज महेला जयवर्धने को अपनी महिला टीम का डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट नियुक्त किया है. जयवर्धने 2027 सीजन से दिल्ली कैपिटल्स के साथ नई भूमिका में नजर आएंगे. उनके आने से टीम को पहली बार WPL ट्रॉफी जीतने की उम्मीद है.
दिल्ली कैपिटल्स के सह-मालिक JSW और GMR समूह ने इस नियुक्ति की आधिकारिक घोषणा की है. जयवर्धने अब टीम के क्रिकेट संचालन की पूरी जिम्मेदारी संभालेंगे. इसमें टीम की रणनीति तैयार करने से लेकर नई प्रतिभाओं की पहचान और खिलाड़ियों के विकास तक की जिम्मेदारी शामिल होगी. वह हेड कोच जोनाथन बैटी और कप्तान जेमिमा रोड्रिग्स के साथ मिलकर टीम को चैंपियन बनाने की योजना पर काम करेंगे.
दुनिया के सफल क्रिकेट कोचों में गिना जाता है. खासकर आईपीएल में उनका रिकॉर्ड काफी शानदार रहा है. उन्होंने साल 2017 में पहली बार मुंबई इंडियंस के हेड कोच की जिम्मेदारी संभाली थी. उनके मार्गदर्शन में मुंबई ने 2017, 2019 और 2020 में आईपीएल का खिताब जीता.
इन तीनों खिताबी जीत में मुंबई ने फाइनल में अलग-अलग टीमों को हराया था. 2017 में राइजिंग पुणे सुपरजायंट, 2019 में चेन्नई सुपर किंग्स और 2020 में दिल्ली कैपिटल्स को मात देकर मुंबई ने ट्रॉफी उठाई थी. यही अनुभव दिल्ली को उनके साथ जोड़ने के फैसले की सबसे बड़ी वजह माना जा रहा है.







