ग्रामीण विकास मंत्रालय 25 नवंबर को अपने राष्ट्रीय लैंगिक अभियान ‘नई चेतना-पहल बदलाव की’ के पांचवें संस्करण ‘नई चेतना 5.0’ की शुरुआत करेगा। अंतरराष्ट्रीय महिला हिंसा उन्मूलन दिवस के अवसर पर शुरू होने वाला यह महीने भर का अभियान 23 दिसंबर 2026 तक देशभर में चलाया जाएगा। इसका संचालन दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (DAY-NRLM) के तहत किया जाएगा।
केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान अभियान का राष्ट्रीय स्तर पर शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी भी मौजूद रहेंगी। कार्यक्रम में ग्रामीण विकास राज्य मंत्री कमलेश पासवान, विभिन्न मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारी, राज्य सरकारों के प्रतिनिधि, विकास भागीदार और देशभर के सामुदायिक संस्थानों से जुड़ी महिला नेता भी शामिल होंगी।
कार्यक्रम का आयोजन दोपहर 2 बजे नई दिल्ली के पूसा स्थित राष्ट्रीय कृषि विज्ञान परिसर (NASC) के भारत रत्न सी. सुब्रमण्यम ऑडिटोरियम में होगा।
महिलाओं की आर्थिक भागीदारी और स्वतंत्र निर्णय पर जोर
‘नई चेतना 5.0’ की थीम ‘पहुंच से अधिकार और निर्णय की क्षमता तक: विकसित भारत के लिए आजीविका एवं समान अवसरों के माध्यम से महिला सशक्तीकरण’ रखी गई है। इसका उद्देश्य महिलाओं की पहुंच और स्वतंत्र आवाजाही को आर्थिक सशक्तीकरण, आजीविका में भागीदारी और स्वतंत्र निर्णय लेने की क्षमता से जोड़ना है।
अभियान में चार प्रमुख क्षेत्रों पर ध्यान दिया जाएगा। इनमें महिलाओं को आर्थिक योगदानकर्ता के रूप में पहचान देना, संपत्तियों तक उनकी पहुंच और उन पर नियंत्रण मजबूत करना, सुरक्षित आवाजाही को बढ़ावा देना तथा अवैतनिक देखभाल कार्यों की जिम्मेदारी का समान बंटवारा शामिल है।
इसके तहत महिलाओं की आजीविका के अवसरों, बाजारों, वित्तीय सेवाओं, सार्वजनिक स्थानों और जरूरी सेवाओं तक पहुंच में आने वाली बाधाओं को दूर करने पर जोर रहेगा। साथ ही महिलाओं के लिए स्वतंत्र और सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने की दिशा में भी प्रयास किए जाएंगे। मंत्रालय का लक्ष्य केवल जागरूकता बढ़ाने तक सीमित न रहकर महिलाओं की आर्थिक भागीदारी, निर्णय लेने की क्षमता और सशक्तीकरण में ठोस सुधार लाना है।
15 मंत्रालयों का संयुक्त परामर्श जारी होगा
अभियान के राष्ट्रीय शुभारंभ का एक प्रमुख आकर्षण 15 मंत्रालयों और विभागों की भागीदारी वाला संयुक्त अंतर-मंत्रालयी परामर्श जारी करना होगा। इसके जरिए ‘नई चेतना 5.0’ के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने के लिए विभिन्न मंत्रालयों के बीच समन्वित कार्रवाई का ढांचा तैयार किया जाएगा।
इसमें मंत्रालयों और विभागों को अपनी योजनाओं, कार्यक्रमों, संस्थागत व्यवस्थाओं और जमीनी स्तर के नेटवर्क को अभियान के लक्ष्यों के अनुरूप जोड़ने की रूपरेखा दी जाएगी। इसका उद्देश्य राष्ट्रीय, राज्य, जिला और सामुदायिक स्तर पर समन्वय मजबूत करना है, ताकि महिलाओं को आजीविका, संपत्ति, वित्तीय सेवाओं, सुरक्षित आवागमन, आवश्यक सुविधाओं और संस्थागत सहायता तक बेहतर पहुंच मिल सके।
हिंसा मुक्त गांव पहल के लिए समझौता
कार्यक्रम में हिंसा मुक्त गांव पहल से जुड़े चार पक्षीय समझौता ज्ञापन (MoU) को भी जारी किया जाएगा। इस पर ग्रामीण विकास मंत्रालय, महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, न्याय विभाग और राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) ने हस्ताक्षर किए हैं।
इस समझौते का उद्देश्य सामुदायिक स्तर पर लैंगिक हिंसा की रोकथाम और उससे निपटने के लिए संस्थागत समन्वय को मजबूत करना है। इसके तहत सामुदायिक संस्थानों, विधिक सेवा प्राधिकरणों और संबंधित सरकारी तंत्र के बीच बेहतर तालमेल स्थापित किया जाएगा। साथ ही महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों, न्याय तक पहुंच, संस्थागत सहायता और हिंसा मुक्त गांव बनाने के सामूहिक प्रयासों के बारे में जागरूक किया जाएगा।
स्वयं सहायता समूहों और महिला नेतृत्व की होगी अहम भूमिका
अभियान के क्रियान्वयन में DAY-NRLM के स्वयं सहायता समूहों (SHGs), ग्राम संगठनों (VOs), क्लस्टर स्तरीय महासंघों (CLFs), जेंडर रिसोर्स सेंटर (GRCs) और अन्य सामुदायिक संस्थानों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
कार्यक्रम के दौरान नए जेंडर रिसोर्स सेंटर का उद्घाटन किया जाएगा। ये केंद्र सामुदायिक स्तर पर सेवाओं, सरकारी लाभों, सहायता प्रणालियों और शिकायत निवारण तंत्र तक महिलाओं की पहुंच आसान बनाने के लिए काम करेंगे। विभिन्न राज्यों की स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिला नेता अपने अनुभव, नवाचार और सामूहिक नेतृत्व को मजबूत करने के सुझाव भी साझा करेंगी।
इस अवसर पर दो पैनल चर्चा आयोजित की जाएंगी। पहली चर्चा में जेंडर रिसोर्स सेंटर, वन स्टॉप सेंटर, विधिक सेवा प्राधिकरण और स्वास्थ्य प्रणाली के बीच समन्वय मजबूत करने पर विचार-विमर्श होगा। दूसरी चर्चा में जमीनी स्तर की महिला नेता अपने अनुभव, नवाचार और आगे की रणनीति पर चर्चा करेंगी।
‘नई चेतना 4.0’ की मूल्यांकन रिपोर्ट भी होगी जारी
कार्यक्रम के दौरान ‘नई चेतना 4.0’ की मूल्यांकन रिपोर्ट जारी की जाएगी। इसमें पिछले संस्करण के आकलन और उससे मिली प्रमुख सीख को प्रस्तुत किया जाएगा, ताकि भविष्य के अभियानों को और प्रभावी बनाया जा सके।
इसके अलावा विभिन्न राज्यों के वीडियो और सफल कार्यप्रणालियों की प्रस्तुतियां भी होंगी। अभियान के लिए तैयार किए गए वीडियो संसाधन भी लॉन्च किए जाएंगे।
ग्रामीण विकास मंत्रालय के नेतृत्व में DAY-NRLM के तहत शुरू हुआ ‘नई चेतना’ अभियान 2022 से लैंगिक हिंसा के खिलाफ जागरूकता, भेदभावपूर्ण सामाजिक मान्यताओं को चुनौती देने और लैंगिक समानता को बढ़ावा देने के लिए देशव्यापी सामूहिक पहल के रूप में विकसित हुआ है। इसके पांचवें संस्करण में मंत्रालयों, राज्य सरकारों, सामुदायिक संस्थानों और अन्य हितधारकों के बीच सामूहिक प्रयासों को मजबूत किया जाएगा। अभियान में पुरुषों, लड़कों और युवाओं की सक्रिय भागीदारी को भी प्रोत्साहित किया जाएगा, ताकि भेदभावपूर्ण सामाजिक मान्यताओं को बदलने और समानता एवं साझा जिम्मेदारी को बढ़ावा देने में मदद मिल सके।







