वेलिंगटन टेस्ट में जीत की दहलीज पर पहुंच चुकी भारतीय टीम को ड्रॉ से संतोष करना पड़ा है। इस मुकाबले में भारत को आखिरी दिन जीत के लिए 8 विकेट की दरकार थी, लेकिन भारतीय बल्लेबाज सिर्फ तीन विकेट ही ले पाए। फिर भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने भी विपक्षी टीम को ड्रॉ का ऑफर देने में जल्दी कर दी, जबकि 15 ओवर बाकी थे। इस मुकाबले के ड्रॉ होने के बाद अब टीम इंडिया पर वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 के फाइनल की रेस से बाहर होने का खतरा मंडराने लगा है। अगर, भारतीय टीम क्राइस्टचर्च में खेले जाने वाले दूसरे टेस्ट में हार जाती है, तो वह फाइनल से बाहर हो जाएगी। आइये आपको भी इसके पीछे का पूरा समीकरण बताते हैं।
वेलिंगटन टेस्ट ड्रॉ होने के बाद भारतीय टीम वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 की पॉइंट्स टेबल में 50.00 जीत प्रतिशत के साथ चौथे स्थान पर पहुंच गई है। अब यहां से उसे डब्ल्यूटीसी के फाइनल में जगह बनाने के लिए अब अपने बाकी सभी 6 टेस्ट जीतने होंगे, जिनमें से एक मौजूदा टेस्ट सीरीज में न्यूजीलैंड के खिलाफ क्राइस्टचर्च में खेला जाना है। जबकि पांच मुकाबलों की टेस्ट सीरीज ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घर में खेलनी है।
क्राइस्टचर्च टेस्ट का परिणाम भारत की डब्ल्यूटीसी फाइनल की राह में अहम मुकाबला साबित होने वाला है, क्योंकि इस मुकाबले को हारते ही भारतीय टीम फाइनल की रेस से बाहर हो जाएगी। इस तरह टीम इंडिया के लिए ये टेस्ट करो या मरो वाला होगा। अगर, भारतीय टीम इस मैच को जीत जाती है, तो वह फाइनल की रेस में बनी रह सकती है। लेकिन, इसके बाद भी उसकी मुश्किलें कम नहीं होने वाली, क्योंकि उसे ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में क्लीन स्वीप करना होगा, जो उसके लिए कतई आसान होने वाला नहीं है।







